नेटफ्लिक्स की पॉपुलर कोरियन ड्रामा सीरीज ‘स्क्विड गेम’ का दूसरा सीजन इस साल रिलीज के लिए तैयार है। इस बीच मेकर्स पर कॉपी कंटेंट का आरोप लग गया है, जिससे सीरीज कानून पचड़े में फंस गई है। साउथ कोरिया की पॉपुलर ड्रामा सीरीज squid game साल 2021 में रिलीज हुई थी। इस सीरीज ने न सिर्फ कोरिया बल्कि पूरी दुनिया में अपना भौकाल कायम किया। नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई इस वेब सीरीज को लोगों ने बेशुमार प्यार दिया।
फैंस को इसके दूसरे पार्ट का भी बेसब्री से इंतजार है, जो इस साल के आखिरी तक रिलीज होने के लिए पूरी तरह से तैयार है। इस बीच ‘स्क्विड गेम’ विवाद में फंस गई है। सीरीज पर कंटेंट कॉपी करने का आरोप लग गया है। ये आरोप किसी और ने नहीं बल्कि ‘तुम्बाड’ निर्माता सोहम शाह ने लगाया है। इतना ही नहीं सोहम ने ‘स्क्विड गेम’ के मेकर्स के खिलाफ मुकदमा भी दायर किया है।
सोहम शाह ने मेकर्स पर लगाया आरोप।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बॉलीवुड निर्माता सोहम शाह ने ‘स्क्विड गेम’ के निर्माताओं पर कानूनी मुकदमा दायर किया है। उनका दावा है कि साल 2009 में उनकी फिल्म ‘लक’ रिलीज हुई थी, जिसकी कहानी को इस कोरियन सीरीज ने तोड़ दिया है। यानी काफी हद तक कहानी को कॉपी किया गया है।
बता दें कि जबरदस्त सफलता मिलने के बाद मेकर्स ‘स्क्विड गेम’ का दूसरा सीजन लेकर आ रहे हैं। इस बीच सोहम शाह ने ‘स्क्विड गेम’ के और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स के खिलाफ मुकदमा दायर किया है।
लक की कहानी कॉपी करने का दावा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोहम शाह का आरोप है कि ‘स्क्विड गेम’ के निर्माताओं ने उनकी एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘लक’ की कहानी को कॉपी किया है। सोहम शाह ने कथित तौर पर आरोप लगाते हुए कहा कि ‘स्क्विड गेम’ की कहानी लिखने वाले राइटर ह्वांग डोंग-ह्युक ने दावा किया था कि उन्होंने अपनी सीरीज की कहानी 2009 में लिखी थी। उसी साल इमरान खान और संजय दत्त स्टारर फिल्म ‘लक’ भी रिलीज हुई थी।














