नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश के विभिन्न वर्गों के लोगों ने नीरज चोपड़ा को पेरिस ओलंपिक खेलों में रजत पदक जीतने पर बधाई देते हुए भाला फेंक के इस स्टार एथलीट को उत्कृष्टता का साकार रूप बताया। टोक्यो ओलंपिक के चैंपियन चोपड़ा ने गुरुवार को पेरिस ओलंपिक में पुरुषों की भाला फेंक में रजत पदक जीता। वह लगातार दो ओलंपिक खेलों में पदक जीतने वाले ट्रैक एवं फील्ड के पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं। राष्ट्रपति मुर्मू ने उम्मीद व्यक्त की कि चोपड़ा आगे भी देश के लिए पदक जीतेंगे।
राष्ट्रपति ने कहा,‘‘नीरज चोपड़ा को पेरिस ओलंपिक में रजत पदक जीतने और इतिहास रचने पर हार्दिक बधाई। वह लगातार दो ओलंपिक खेलों में एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट हैं।’’ उन्होंने कहा,‘‘भारत को उन पर गर्व है। उनकी उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी। भारत को उम्मीद है कि नीरज चोपड़ा भविष्य में और अधिक पदक जीत कर देश का गौरव बढ़ाएंगे।’’
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर उन्हें बधाई देते हुए लिखा, नीरज चोपड़ा उत्कृष्टता का साकार रूप हैं । बार बार उन्होंने अपनी श्रेष्ठता की बानगी दी है । भारत हर्षित है कि उन्होंने एक बार फिर ओलंपिक में सफलता पाई है ।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ रजत जीतने पर उन्हें बधाई । वह आने वाले असंख्य एथलीटों को अपने सपने पूरे करने और देश को गौरवान्वित करने के लिये प्रेरित करते रहेंगे ।’’













