कानपुर, संवाद पत्र । कानपुर की सीसामऊ सीट पर वोटिंग सुबह सात बजे से शुरू हो चुकी है। बड़ी संख्या में मुस्लिम मतदाता मतदान करने पहुंच रहे हैं। बता दें, पूर्व सपा विधायक इरफान सोलंकी को कोर्ट द्वारा सजा सुनाए जाने के बाद सीसामऊ सीट पर उप चुनाव कराया जा रहा है।
Loaded: 1.16%Fullscreen
सीसामऊ विधानसभा के 275 बूथों पर 2.71 लाख मतदाता वोट डालेंगे। मतदान केंद्रों पर बुधवार सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई और शाम 5 बजे तक मतदान होगा। कड़ी सुरक्षा के बीच 1200 मतदान कर्मियों द्वारा चुनाव संपन्न कराया जा रहा है।
चुनाव पांच प्रत्याशियों के बीच है, जिनमें भाजपा से सुरेश अवस्थी, सपा से नसीम सोलंकी, बसपा से वीरेंद्र कुमार, सभी जन पार्टी से अशोक पासवान हैं। जबकि कृष्ण कुमार यादव निर्दलीय उम्मीदवार हैं।
अगर बात की जाए 2022 के विधानसभा चुनावों की तो सीसामऊ सीट पर सपा से प्रत्याशी इरफान सोलंकी को लगभग 79000 वोट जबकि भाजपा से सलिल विश्नोई को करीब 67000 वोट मिले थे। वहीं बसपा प्रत्याशी रहे हाजी सुहेल अहमद को मात्र 5600 वोट ही मिले थे। ऐसे में इस बार भी भाजपा और सपा प्रत्याशियों के बीच कांटे का मुकाबला होने की आशंका जताई जा रही है।
कानपुर में सुबह कड़ाके की ठंड के बीच मुस्लिम मतदाता वोट डालने पहुंच रहे हैं। मुस्लिम महिला वोटरों को बड़ी संख्या में बूथों में मतदान के लिए जाते हुए देखा जा रहा है।













