रामपुर,संवाद पत्र । मिलक तहसील क्षेत्र के क्रमचा गांव में मेडिकल संचालक ने खांसी के सिरप की जगह कीड़े मारने का सिरप दे दिया। सिरप पीते ही बालक की हालत बिगड़ गई। बरेली के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज हो रहा है।
मिलक के गांव क्रमचा निवासी राजकुमार ने अधिकारियों को भेजे शिकायती पत्र में लिखा है। वह आटा चक्की चलाने का काम करता है। सोमवार को वह व उसकी पत्नी घरेलू सामान व सब्जी लेने मिलक गए हुए थे। इस दौरान उसके बेटे देवेश को खांसी आने लगी। ज्यादा खांसी आने पर देवेश मेडिकल पर खांसी की दवाई लेने गया था। उसने मेडिकल संचालक से खांसी का सिरप मांगा।आकर जैसे ही उसने सिरप पिया तो उसकी हालत बिगड़ गई।
पड़ोस के डॉक्टर को दिखाने पर बताया कि देवेश ने जहर का सेवन किया है। परिजनों ने गम्भीर हालत में देवेश को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने जब सिरप की शीशी को देखा तो वह दंग रह गया। सिरप पशुओं के पेट के कीड़े मारने का था। पीड़ित ने मेडिकल संचालक पर पुत्र को जान से मारने की नीयत का आरोप लगाते हुए अधिकारियों व मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।













