सीतापुर, संवादपत्र । सीतापुर में फार्मेसी की परीक्षा लीक मामले में पुलिस ने टीसीएस अधिकारी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिले की एसओजी टीम इनसे पूछताछ कर रही है। सीतापुर के केपी सिंह मेमोरियल इंस्टीट्यूट में 15-16 जुलाई में फार्मेसी की परीक्षा आयोजित थी।
परीक्षा के पहले दिन ही पेपर लीक हो गया। जिसको लेकर जिले के तालगांव थाना में पुलिस ने अभियोग दर्ज करते हुए कुछ आरोपियों को जेल भेजा। उसी की जांच जिले की एसओजी टीम कर रही थी। शुक्रवार सुबह पुलिस ने शहर के नेपालापुर- बिजवार मार्ग पर स्थित ओवरब्रिज के नीचे से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
एसपी चक्रेश मिश्रा के मुताबिक, भागने की फिराक में पकड़े गए आरोपियों की पहचान टाटा कंसल्टेंसी (टीसीएस) के तीन अधिकारी उत्कर्ष मिश्रा, अंकित श्रीवास्तव और गौरव राजवंशी के रूप में हुई है। गिरफ्तारी में केपी सिंह मेमोरियल इंस्टीट्यूट में कार्यरत कर्मी अमित मिश्रा भी गिरफ्तार किया गया।
सभी पर उप्र सार्वजनिक परीक्षा समुचित साधनों का निवारण अध्यादेश के तहत केस दर्ज हुआ। पकड़े गए चारों आरोपी कोतवाली नगर क्षेत्र के निवासी हैं। इनसे पूछताछ की जा रही है। आरोपियों के कब्जे से परीक्षा लीक कराने के दौरान इस्तेमाल मोबाइल सहित अन्य सामान बरामद हुआ है।













