सीएचसी में एक्सरे मशीन की अर्थिंग खोल ले गए चोर : निजी पैथालॉजी का रुख कर रहे मरीज

By Sanvaad News

Published on:

Follow Us

सोहावल, अयोध्या/संवाद पत्र :  सीएचसी की पैथालॉजी में लगी नई एक्सरे मशीन 17 दिनों से बंद है इसमें ताला लटक रहा है। प्रभारी ने चोरी की तहरीर थाने में दी है, पुलिस अभी जांच में जुटी है। अस्पताल आने वाले मरीजों को मजबूर होकर एक्सरे के लिए निजी पैथालॉजी की शरण लेनी पड़ रही है।

सीएचसी में एक्सरे तकनीशियन की नियुक्ति के साथ लगभग 2 साल पहले मशीन लगने की कवायद यहां शुरू हुई थी लेकिन अस्पताल के बाहर गेट पर ही चल रही कुछ पैथालॉजी संचालकों के दबाव में अस्पताल के जिम्मेदारों ने मामले को लटकाए रखा। स्थानीय लोगों की शासन से जब उच्च स्तर पर शिकायत हुई तो एक्सरे मशीन सीएचसी को मिली लेकिन पखवारा भर इसे यह कहकर सेवा से मुक्त रक्खा गया कि इसके चलने पर आपरेटर को ही रेडिएशन का खतरा है।

सीएमओ की जांच के बाद इसका रास्ता निकाला गया और एक्सरे तकनीशियन को बगल वाले कमरे से मशीन चलाने का निर्देश दिया गया। नतीजा लगभग डेढ़ माह के भीतर 340 एक्सरे किए गए। निजी एक्सरे करने वालों को मरीजों की लाले पड़ने लगे। सीएचसी कंपाउंड में लगी सीसीटीवी और तैनात आवासीय चिकित्सकों, कर्मचारियों की मौजूदगी सहित चौकीदार के बावजूद चोर मशीन कक्ष के बाहर जोड़े गए कुछ हजार रु के तार और पाइप को चुरा ले गए। यह बात किसी के गले नहीं उतर रही। इसे एक खेल समझा जा रहा है जो कुछ जिम्मेदारों की मिली भगत से अंजाम दिया गया ताकि अस्पताल की एक्सरे मशीन बंद रहे और धीरे धीरे कर पैथालॉजी को पंगु बनाया जा सके। प्रभारी निरीक्षक रौनाही पंकज सिंह ने बताया मामला संज्ञान में आया है छानबीन की जा रही है।

Sanvaad News

आपका स्वागत है संवाद पत्र में, जहाँ हम आपको ताज़ा खबरों और घटनाओं से अवगत कराते हैं। हमारी टीम हर समय तत्पर है ताकि आपको सबसे सटीक और नवीनतम समाचार मिल सकें। राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यवसाय, और तकनीक से संबंधित खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें। संवाद न्यूज़ - आपकी आवाज़, आपकी खबर।

Leave a Comment