साथी कांवड़िया ने अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
लखीमपुर खीरी,संवाद पत्र। पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर जालिमनगर घाट से जल भरकर छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ जा रहे कांवडियों को मिर्जापुर सिसैया के पास साइड लेते समय ट्रक ने टक्कर मार दी, हादसे में दो कांवड़िया घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल ले जाते समय एक कांवड़िया की मौत हो गई।
धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के जालिम नगर घाट से जल भरकर कांवड़ियों का एक जत्था शनिवार की सुबह करीब पांच बजे गोला गोकर्णनाथ जा रहा था। सिसैया के आगे मिर्जापुर गांव के पास साइड लेते समय एक ट्रक ने कांवड़िया जोगिन्दर( 40) पुत्र बाबू निवासी बड़ा गांव बढेहरा थाना शारदा नगर व गिरधारी लाल (30) पुत्र हरिप्रसाद निवासी अंकोर कोतवाली सदर को टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गये। जिन्हें धौरहरा गस्ती पुलिस ने एम्बुलेंस से खमरिया सीएससी भेजा। जहां से डाक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से लखनऊ ले जाते समय कांवड़िया जोगिन्दर (40) की मौत हो गई। परिवार वाले शव अपने घर शारदानगर थाना क्षेत्र बड़ा गांव बढेहरा ले आए। सूचना पर पहुंची शारदा नगर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ शारदा नगर बृजेश कुमार मौर्या ने बताया शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।













