मिहीपुरवा/बहराइच, संवादपत्र । अघोषित विद्युत कटौती को लेकर मिहींपुरवा नगर पंचायत के व्यापारियों और कस्बे वासियों ने बुधवार सुबह से ही अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। सड़क पर धरना प्रदर्शन और सभा के चलते आवागमन ठप हो गया है। प्रदेश सरकार के निर्देश के विपरीत नगर पंचायत और ग्राम पंचायतों में बिजली आपूर्ति दी जा रही है। 24 घंटे में दो से तीन घंटे ही बिजली मिल पा रही है। इससे जहां गर्मी से लोग परेशान हैं।
वहीं नगर क्षेत्र में व्यापार भी प्रभावित है। इसको लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ने लगी है। बुधवार को नगर पंचायत मिहीपुरवा के व्यापारियों ने चौराहे पर बिजली कटौती के विरोध में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। व्यापारियों के साथ काफी संख्या में नगर क्षेत्र के लोग भी शामिल रहे।
सभी ने कहा कि बिजली कटौती से जन जीवन बेहाल है। जिस क्षेत्र से विधायक और सांसद जिले का प्रतिनिधित्व करते हैं। वहां भी बिजली कटौती थम नहीं रही है। यही हाल पूरे विकास खंड क्षेत्र के ग्राम पंचायतों की है। चौराहे पर धरना प्रदर्शन के चलते जाम की स्थिति बन गई। मोतीपुर पुलिस के साथ तहसील के अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। हलांकी बारिश होने के चलते लोगों की भीड़ भी कम होने लगी है।













