14 ट्रेनों को रेल प्रशासन ने कर दिया डायवर्ट, कुल 30 ट्रेनों का संचालन हुआ प्रभावित
बरेली , संवाद पत्र । लखनऊ-बरेली रेल मार्ग पर यात्रियों को उस वक्त दिक्कत का सामना करना पड़ा जब आलमनगर शाहजहांपुर रेल खंड के बीच पड़ने वाले उमरताली- दलेलनगर स्टेशनों के आसपास ओएचई लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। अप और डाउन लाइनों पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया। वंदे भारत एक्सप्रेस समेत 14 ट्रेनों को बदले हुए मार्ग से चलाना पड़ा। करीब 30 ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया। ट्रेनों को जहां-तहां रोक दिया गया, वहीं बरेली जंक्शन पर भी यात्रियों को ट्रेनों के इंतजार में परेशान होना पड़ा।
पूरी घटना तड़के चार बजे की बताई जा रही है। मुरादाबाद कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि बालामऊ और उमरताली के बीच अप लाइन पर ओएचई फेल हो गई है। 12357 दुर्गियाना एक्सप्रेस के गार्ड ने जानकारी दी कि ट्रेन का पेंटोग्राफ ओएचई में उलझ गया जिसकी वजह से ओएचई व पेंटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अप लाइन पर करीब एक किलोमीटर तक ओएचई क्षतिग्रस्त हो गई। उधर डाउन लाइन पर भी यातायात प्रभावित हो गया। हालांकि करीब तीन घंटे बाद डाउन लाइन पर यातायात बहाल कर दिया गया। 14208 पद्मावत एक्सप्रेस को गुजारा गया। मुरादाबाद रेल मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि अप लाइन पर अधिक नुकसान होने के कारण दोपहर तक कार्य किया जा रहा था। जिसकी वजह से ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है। सभी ट्रेनें लखनऊ-डालीगंज -सीतापुर -बरेली मार्ग व लखनऊ -उन्नाव -बालामऊ के रास्ते गुजारी गईं।
इन ट्रेनों के निरस्त होने से दिक्कत
बुधवार शाम को 14236 बरेली -वाराणसी एक्सप्रेस और 14308 बरेली- प्रयागराज संगम एक्सप्रेस को लखनऊ से शार्ट ओरिजनेट किया जाएगा, जिसकी वजह से बरेली जंक्शन से इन ट्रेनों का संचालन निरस्त रहेगा। तो दूसरी तरफ 14235 वाराणसी – बरेली एक्सप्रेस व 14307 प्रयागराज संगम-बरेली एक्सप्रेस लखनऊ तक चलाई जाने के कारण बुधवार को बड़ी तादाद में यात्री बरेली नहीं पहुंच पाए। दूसरी ट्रेनों को पकड़कर बरेली आना पड़ा।
इन ट्रेनों को किया डायवर्ट
22545 देहरादून वंदे भारत
20505 राजधानी एक्सप्रेस
14003 मालदा टाऊन एक्सप्रेस
15909 अवध असम एक्सप्रेस
13257 जनसाधारण एक्सप्रेस
15073 टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस
12327 देहरादून उपासना एक्सप्रेस
इन ट्रेनों को किया शार्ट टर्मिनेट व शार्ट ओरिजनेट
14235 वाराणसी – बरेली एक्सप्रेस
14307 प्रयागराज संगम-बरेली एक्सप्रेस
14236 बरेली -वाराणसी एक्सप्रेस
14308 बरेली- प्रयागराज संगम एक्सप्रेस
वंदे भारत एक्सप्रेस समेत दो दर्जन ट्रेनें लेट
हादसे के कारण बुधवार को बड़ी तादात में ट्रेनें लेट हो गईं, ट्रेनों को बीच के स्टेशनों पर रोकना पड़ा व डायवर्ट होने के कारण 15909 अवध असम एक्सप्रेस 7 घंटा, 13151 सियालदह एक्सप्रेस 4 घंटा, 22545 वंदे भारत एक्सप्रेस 3 घंटा, 15073 त्रिवेणी एक्सप्रेस 6 घंटा लेट चली रहीं थीं। कुल मिलाकर दो दर्जन ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही थीं।













