प्रमिला मलिक का आरोप- भाजपा ओडिशा में झूठ फैला रही है, बीजद में दरार डालने की कोशिश कर रही है

By Sanvaad News

Published on:

Follow Us

भुवनेश्वर। ओडिशा विधानसभा में विपक्ष की मुख्य सचेतक प्रमिला मलिक ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) झूठ फैला रही है कि बीजू जनता दल (बीजद) के कई नेता भाजपा में शामिल होना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रयास का उद्देश्य बीजद में दरार पैदा करना है। 

उनकी यह टिप्पणी तब आयी है जब चार अगस्त को भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी ने कहा था कि राज्यसभा सदस्य ममता मोहंता का बीजद से इस्तीफा देने के बाद भाजपा में शामिल होना महज एक ‘ट्रेलर’ है और कई अन्य बीजद नेता भी भाजपा में शामिल होंगे। 

राज्य की पूर्व मंत्री और विधानसभा की पूर्व अध्यक्ष मलिक ने कई भाजपा नेताओं की टिप्पणियों को भी खारिज कर दिया कि कई बीजद पदाधिकारी भाजपा के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा नेता झूठा अभियान चला रहे हैं।’’ मलिक ने सोमवार को कहा, ‘‘वे हमारी पार्टी को तोड़ने के लिए झूठ फैला रहे हैं। हमारी पार्टी से किसी की भी भाजपा में शामिल होने में दिलचस्पी नहीं है। कोई भी बीजद नेता उनके संपर्क में नहीं है।’’ 

उन्होंने दावा किया कि भाजपा और कांग्रेस में शामिल हुए कई बीजद नेता इस क्षेत्रीय पार्टी में लौट आए हैं। मोहंता के भाजपा में शामिल होने के बाद सारंगी ने कहा था, ‘‘कई अन्य लोग कतार में हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व से प्रेरित कई बीजद नेता पार्टी बदलना चाहते हैं। ममता मोहंता का भाजपा में शामिल होना महज एक ट्रेलर है।’’ 

मोहंता के राज्यसभा से इस्तीफा देने के कारण संसद के ऊपरी सदन में बीजद सदस्यों की संख्या आठ रह गयी है। भाजपा इस रिक्त पद को भरने के लिए तैयार है। ओडिशा की 147 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 78, बीजद के 51, कांग्रेस के 14, माकपा का एक सदस्य और तीन निर्दलीय विधायक हैं। 

Sanvaad News

आपका स्वागत है संवाद पत्र में, जहाँ हम आपको ताज़ा खबरों और घटनाओं से अवगत कराते हैं। हमारी टीम हर समय तत्पर है ताकि आपको सबसे सटीक और नवीनतम समाचार मिल सकें। राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यवसाय, और तकनीक से संबंधित खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें। संवाद न्यूज़ - आपकी आवाज़, आपकी खबर।

Leave a Comment