गोंडा: DIOS के निरीक्षण में बिना मान्यता के संचालित मिले तीन इंटर कॉलेज, नोटिस जारी कर संचालन बंद करने का दिया निर्देश

By Sanvaad News

Published on:

Follow Us

गोंडा, संवादपत्र । जिला विद्यालय निरीक्षक की जांच पड़ताल में जिले के तीन इंटर कालेज बिना मान्यता  के संचालित मिले हैं। जांच के दौरान इन कालेजों के प्रबंधक मान्यता संबंधी अभिलेख नहीं दिखा सके। इस पर तीनों को नोटिस जारी कर कालेज का संचालन बंद करने का निर्देश दिया गया है। डीआईओएस ने बताया कि संचालन बंद नहीं हुआ तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी जायेगी।

जिले के जिला विद्यालय निरीक्षक रामचंद्र ने सोमवार को बताया कि माध्यमिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में पठन पाठन का जायजा लेने के लिए उन्होने शनिवार को राजकीय बालिका इण्टर कालेज समेत 6 स्कूलों का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान वजीरगंज में कमला देवी महादेव प्रसाद शुक्ला मार्डन इण्टर कालेज कमलानगर गेडसर बिना मान्यता के संचालित मिला।

यहां प्ले ग्रुप से इंटर तक की कक्षाओं का संचालन किया जा रहा था लेकिन जब स्कूल संचालन को लेकर मान्यता संबंधी अभिलेख मांगे गए तो विद्यालय प्रबंधन प्रपत्र नहीं दिखा सका। इससे स्पष्ट हो गया कि स्कूल का संचालन बिना मान्यता के किया जा रहा है।

इस पर स्कूल के प्रबंधक व प्रधानाचार्य को नोटिस जारी कर कालेज का संचालन बंद करने का निर्देश दिया गया है। वजीरगंज में ही आईडियल एकेडमी बरईपुरवा बिना मान्यता के संचालित‌ मिला। यहां यूकेजी से हाईस्कूल तक की कक्षाएं संचालित पायी गयीं।

इसी तरह शहर में एसडीएस बालाजी पब्लिक स्कूल में कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं बिना मान्यता के संचालित मिली। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि बिना मान्यता के संचालित हो रहे स्कूलों को नोटिस जारी कर अभिलेख प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है‌। अभिलेख नहीं मिलने पर स्कूल संचालन बंद कराकर एफआईआर दर्ज करायी जायेगी।

Sanvaad News

आपका स्वागत है संवाद पत्र में, जहाँ हम आपको ताज़ा खबरों और घटनाओं से अवगत कराते हैं। हमारी टीम हर समय तत्पर है ताकि आपको सबसे सटीक और नवीनतम समाचार मिल सकें। राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यवसाय, और तकनीक से संबंधित खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें। संवाद न्यूज़ - आपकी आवाज़, आपकी खबर।

Leave a Comment