महिला एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों को होगी अपेक्षाकृत ज्यादा परेशानी
मोहनपुरा, संवाद पत्र। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा की नई तिथियां घोषित होते ही युवाओं में खासा उत्साह नजर आया था, किंतु जनपद कासगंज में कोई परीक्षा केंद्र नहीं बनने से युवाओं में मायूसी छाई है। अब अभ्यर्थियों को परीक्षा देने जनपद से बाहर अन्य शहरों में जाना पड़ेगा।
गौरतलब है कि पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा गत 19 और 20 फरवरी को जनपद के 25 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। जिसमें दोनों दिवस की चार पालियों में 49056 पंजीकृत अभ्यर्थियों के सापेक्ष 42487 युवाओं ने परीक्षा दी थी। परीक्षा को निर्विवाद एवं शुचितापूर्ण संपन्न कराने के लिए विभिन्न प्रयास किए गए थे। किंतु सॉल्वर गैंग के पकड़े जाने के कारण शासन ने यह परीक्षा रद्द कर दी थी।
परीक्षा रद्द होने के उपरांत सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुनः छः माह में भर्ती परीक्षा आयोजित कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए थे। जिसके फलस्वरूप पुनः यह प्रतियोगी परीक्षा इसी माह में आयोजित की जा रही है जिसमें कासगंज में कोई भी परीक्षा केंद्र न बनने से युवाओं को अन्य बाहरी शहरों में परीक्षा देने जाना होगा। जनपद से बाहर जाने में पुरुष अभ्यर्थियों के मुकाबले महिला एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों को अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
इस बार पांच दिनों में होगी भर्ती परीक्षा
पुलिस आरक्षी भर्ती की परीक्षा पिछली बार फरवरी में दो दिवसों में आयोजित की गई थी किंतु इस बार पुनः आयोजित होने वाली परीक्षा पांच दिनों में कराई जाएगी। अगस्त माह की आगामी 23, 24, 25, 30 और 31 तारीख को आयोजित होगी। यह परीक्षा प्रदेश के 67 जनपदों में आयोजित होगी। इसके लिए कुल 1174 केंद्र निर्धारित किए गए हैं जहां दो पालियों में परीक्षा का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है।
पहले पुलिस भर्ती की परीक्षा अपने जनपद में निर्धारित एक केंद्र पर दी थी। जनपद में ही केंद्र होने से कोई असुविधा नहीं हुई और समय पर आसानी से पहुंच गए किंतु अब बाहर जाने में काफी असुविधा होगी।- लक्ष्मी चौहान, मोहनपुरा
हमारे घर से तीन बहनें पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा में सम्मिलित हुई थी। जनपद के अंदर ही परीक्षा केंद्र होने से सभी बहनें केंद्र तक आसानी से पहुंच गई थी किंतु इस बार अन्य जनपद में परीक्षा देने जाने के लिए बहुत असुविधा होगी।- नेहा चौहान, मोहनपुरा













