इटियाथोक में डायरिया का कहर, एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की मौत, 6 की हालत गंभीर

By Sanvaad News

Published on:

Follow Us

इटियाथोक, संवाद पत्र । इटियाथोक थाना क्षेत्र के विशुनपुर संगम गांव के मजरे मधईजोत में डायरिया का कहर टूटा है। उल्टी दस्त के चलते एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई है जबकि 6 अन्य लोग गंभीर रूप से बीमार हैं। बीमार लोगों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य टीम प्रभावित गांवों में पहुंचकर दवा छिड़काव में जुटी है।

इटियाथोक थाना क्षेत्र के विशुनपुर संगम गांव के मजरे मधईजोत को रहने वाले महेशदत्त के मुताबिक तीन दिन पहले 7 सितंबर को उनके 2 वर्षीय बेटे शिवा को उल्टी दस्त की शिकायत‌ होने पर स्थानीय कस्बे में एक निजी चिकित्सक को दिखाया गया था लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। हालत बिगड़ने पर वह उसे इलाज के लिए मुख्यालय ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गयी।‌ परिवार बेटे के मौत के सदमे से उबर भी नही सका कि 8 सितंबर को महेशदत्त के भाई गणेशदत्त की 20 दिन की मासूम बेटी चंचल और 8 साल की पल्लवी भी उल्टी दस्त की चपेट में आ गयीं। चंचल ने तो 8 सितंबर को ही दम तोड़ दिया जबकि पल्लवी 9 सितंबर को काल के गाल में समा गयी।

 एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की मौत के बाद सोमवार को इसकी जानकारी स्वास्थ्य महकमें को हुई तो हड़कंप मच गया। तत्काल गांव में स्वास्थ्य टीम भेजी गयी। जांच के दौरान गणेशदत्त की बेटी श्रद्धा (4), अनीता तिवारी(40) पत्नी उग्रसेन, सुनीता(45) पत्नी चंद्रशेखर, अमन (22) पुत्र उग्रसेन, दीपशिखा(22) पत्नी अमन व आदर्श (16) पुत्र उग्रसेन उल्टी दस्त से पीड़ित मिले। सभी को लाकर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। 

सीएचसी अधीक्षक डा सुनील ने बताया कि उल्टी दस्त से तीन बच्चों की मौत हुई है, जबकि 6 लोग बीमार है। उन्हें सीएससी में भर्ती कराया गया है। सभी का इलाज चल रहा है‌‌। प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य टीम भेजी गई है और दवा का छिड़काव कराया जा रहा है साथी ग्रामीणों से साफ सफाई रखने की भी अपील की जा रही है।

Sanvaad News

आपका स्वागत है संवाद पत्र में, जहाँ हम आपको ताज़ा खबरों और घटनाओं से अवगत कराते हैं। हमारी टीम हर समय तत्पर है ताकि आपको सबसे सटीक और नवीनतम समाचार मिल सकें। राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यवसाय, और तकनीक से संबंधित खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें। संवाद न्यूज़ - आपकी आवाज़, आपकी खबर।

Leave a Comment