काशीपुर, संवादपत्र । वर्ष 2023 में उत्तराखंड पुलिस द्वारा 11952 अपराधिक केस दर्ज किये। जबकि 4408 केसों में फाइनल रिपोर्ट लगाकर केस बंद कर दिये गये और लगभग 50 प्रतिशत 6027 केसों में ही चार्जशीट लगाकर अपराधियों को सजा दिलाने को कार्यवाही की गयी। फाइनल रिपोर्ट लगाकर बंद किये गये केसों में हत्या, बलात्कार, लूट, अपहरण सहित गंभीर अपराधों के केस शामिल हैं।
काशीपुर निवासी सूचना अधिकार कार्यकर्ता नदीम उद्दीन (एडवोकेट) ने उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय से वर्ष 2023 में दर्ज अपराधों संबंधी विवरणों की सूचना मांगी थी। नदीम को उपलब्ध विवरण के अनुसार वर्ष 2023 में कुल 11952 अपराध दर्ज हुए हैं। इन अपराधों में 183 हत्या, 48 दहेज हत्या, 1267 अपहरण, 421 बलात्कार, 799 दंगे, 4482 चोरी, 1520 मोटर/ऑटो वाहन चोरी, 523 सेंधमारी, 195 लूट, 11 डकैती तथा 2503 अन्य आईपीसी अपराधों के केस शामिल हैं।
नदीम को उपलब्ध विवरण के अनुसार दर्ज केसों में लगभग 50 प्रतिशत में ही पुलिस ने अपराधी की तलाश करके चार्जशीट लगाकर अपराधी को सजा दिलाने के लिए कार्यवाही की है।
इनमें हत्या के दर्ज केसों में 66 प्रतिशत 120 केस, दहेज हत्या के 75 प्रतिशत 40 केस, अपहरण के 10 प्रतिशत 123 केस, बलात्कार के 68 प्रतिशत 287 केस, दंगों के 53 प्रतिशत 287 केस, चोरी के 58 प्रतिशत 2586 केस, मोटर/ऑटो वाहन चोरी के 45 प्रतिशत 682 केस, सेंधमारी के 72 प्रतिशत 376 केस, लूट के 82 प्रतिशत 159 केस, डकैती के 64 प्रतिशत 7 केसों तथा अन्य आईपीसी अपराधों के 49 प्रतिशत 1228 केसों में केसों का खुलासा करके चार्जशीट लगाकर अपराधी को सजा दिलाने को कार्यवाही की है।
वर्ष 2023 में कुल 4408 केसों में फाइनल रिपोर्ट लगाकर पुलिस द्वारा फाइल बंद कर दी गयी है। और इन अपराधों के अपराधियों का पता लगाने या खुलासा करने में पुलिस सफल नहीं हो सकी है। ऐसे अपराधों में 34 हत्या, 3 दहेज हत्या, 1067 अपहरण, 116 बलात्कार, 196 दंगे, 1737 चोरी, 663 आटो/मोटर वाहन चोरी, 100 सेंधमारी, 27 लूट, 01 डकैती तथा 464 अन्य आईपीसी अपराधों के दर्ज केस शामिल है।














