Kanpur: दिल्ली में हादसे के बाद जागा केडीए, इमारतों में बने बेसमेंट की होगी जांच-पड़ताल, कोचिंग और नर्सिंग होम पर कसेगा शिकंजा

By Sanvaad News

Published on:

Follow Us

कानपुर, संवादपत्र । नई दिल्ली में नामी कोचिंग केंद्र के बेसमेंट में बरसात का पानी भरने से तीन छात्रों की मौत के बाद नींद से जागे केडीए ने शहर की बहुमंजिला इमारतों में बने बेसमेंट की जांच-पड़ताल करने का फैसला लिया है। तमाम स्थानों पर नियमों के विपरीत बेसमेंट में कोचिंग, कार्यालय, दुकानें, जिम, लैब गोदाम और नर्सिंग होम्स संचालित किए जा रहे हैं।

केडीए उपाध्यक्ष ने सोमवार को सभी जोन के प्रवर्तन अधिकारियों की बैठक बुलाकर निर्देश दिए कि कॉर्मशियल कॉम्पलेक्स, कोचिंग संस्थानों, नर्सिंग होम्स आदि सभी इमारतों में बेसमेंट की सघन जांच की जाए। अगर कहीं कोई अनियमितता पायी जाती है तो संबंधित निर्माण के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। बेसमेंट में नियम के विपरीत संचालित हो रहे कार्यालयों और दुकानों को बंद कराया जाए।

शहर में बड़ी संख्या में बहुमंजिला इमारतों और भवनों में स्वीकृत बेसमेंट में नियमों के विपरीत कामकाज किया जा रहा है, तो  तमाम भवनों में अवैध रूप से बेसमेंट बना लिए गए हैं। काकादेव कोचिंग मंडी में छोटे-छोटे भवनों में बेसमेंट बनाकर कक्षाएं लगाई जा रही हैं। बड़ी संख्या में भवनों के बेसमेंट में  मानकों की धज्जियां उड़ाकर कार्यालय, जिम, दुकानें और नर्सिंग होम तक संचालित हो रहे हैं। ऐसे में कभी कोई आपदा आने पर तो बड़ी घटना घटने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। 

केडीए के अफसरों की मेहरबानी से न सिर्फ भवनों में अवैध बेसमेंट बना लिए गए हैं, बल्कि उनमें अवैध गतिविधियां भी संचालित हो रही हैं। अब  केडीए उपाध्यक्ष ने इसे रोकने के लिए सख्ती की है। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि काकादेव कोचिंग मंडी, स्वरूप नगर, गोविंद नगर, किदवई नगर, नौबस्ता, साकेत नगर, बर्रा समेत सभी इलाकों में बेसमेंट की जांच करके अवैध गतिविधियों को रोका जाए। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भवनों की जांच करें, वहां सुरक्षा के लिये क्या इंतजाम हैं, इसे जांच जाए।

सचान चौराहे पर दो बार हो चुकीं घटनाएं

दो वर्ष पहले बर्रा आठ के सचान चौराहा स्थित मारुति सर्विस सेंटर के बेसमेंट में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई थी। आग से बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर चल रहे ग्लोबल कोचिंग सेंटर में धुआं भर गया। हादसे में 15 छात्र किसी तहर बाहर आ गए थे। लेकिन 14 छात्र धुआं ज्यादा भरने से अंदर ही फंस गए थे। किसी तरह फॉयर ब्रिगेड ने उन्हें निकाला था। इसी चौराहे पर संचालित एक दूसरी कोचिंग में भी इसी तरह का हादसा हुआ था जिसके बाद फॉयर ब्रिगेड ने सीढ़ी लगाकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला था।

Sanvaad News

आपका स्वागत है संवाद पत्र में, जहाँ हम आपको ताज़ा खबरों और घटनाओं से अवगत कराते हैं। हमारी टीम हर समय तत्पर है ताकि आपको सबसे सटीक और नवीनतम समाचार मिल सकें। राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यवसाय, और तकनीक से संबंधित खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें। संवाद न्यूज़ - आपकी आवाज़, आपकी खबर।

Leave a Comment