बाराबंकी में 24 घंटे के भीतर दो बुजुर्गों की मौत : इस हादसे का हुए शिकार…

By Sanvaad News

Published on:

Follow Us

बाराबंकी,संवाद पत्र । बीते 24 घंटे के भीतर एक अधेड़ का शव तालाब में तो एक वृद्ध महिला का क्षत विक्षत शव रेल पटरी पर पड़ा पाया गया। महिला मंदबुद्धि बताई जा रही है। 

जानकारी के अनुसार बड्डूपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिपहिया मजरे इनायतपुर के रहने वाले गिरधारी 55 पुत्र दीना का शव तालाब से बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार इसकी मृत्यु तालाब में अचानक गिरने से हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दूसरी घटना मसौली थाना क्षेत्र की है। थाना क्षेत्र के ग्राम सुल्तानपुर के रहने वाले चेलाराम यादव की पत्नी कमला देवी 70 का शव गांव से एक किमी दूर पहलीपार गांव में रेल पटरी पर क्षत विक्षत अवस्था में मिला।

ग्रामीणों ने घटना की जानकारी मृतका के नाती सोनू पुत्र रामबालक को दी। परिजन बताते हैं कि मृतका मानसिक रूप से बीमार थी और गुरुवार की सुबह वह बिना किसी को बताए घर से निकल गई। सूचना पाकर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार रेल पटरी पार करते समय वृद्धा किसी ट्रेन की चपेट में आ गई।

सरयू नदी में मिले शव की पहचान, हत्या की आशंका

एक दिन पूर्व दरियाबाद थाना क्षेत्र में सरयू नदी किनारे मिले विवाहिता के शव की पहचान हो गई है। मृतका गोण्डा जिले में शहर की रहने वाली है जो अकेले ही दवा लेने बाराबंकी के लिए निकली थी। मृतका के चचेरे भाई ने शव की पहचान की। आशंका तेज है कि इसकी हत्या कर शव नदी में फेंका गया है। हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तस्वीर साफ होने की बात कह रही।

बताते चलें कि बुधवार की दोपहर को दरियाबाद थाना क्षेत्र में ग्राम माझा गुनौली के पास सरयू नदी के पानी में महिला का शव उतराते ग्रामीणों ने देखा तो इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। शव निकलवाकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार की दाेपहर तक विवाहिता की शिनाख्त नहीं की जा सकी थी। मृतका के शव के पास से एक बटुआ व निकाहनामा मिला। जो पानी में भीग जाने की वजह से पढ़ने योग्य नहीं था। पुलिस के अनुसार बाराबंकी शहर मेें रहने वाले इमरान ने चचेरी बहन की शिनाख्त की। मृतका का नाम रेशमा 28 पत्नी जहीर राईन है जो गोण्डा जिला शहर कोतवाली पटेल नगर घोसियाना की रहने वाली है। उसके दो मासूम बच्चे हैं।

बताया कि वह एक अक्टूबर को दवा लेने के लिए अकेले ही बाराबंकी जाने की बात कहकर निकली थी। इसके बाद क्या हुआ कोई नहीं जानता। संभावना इसकी भी है कि बाराबंकी आते समय सरयू पुल पर उतरकर वह पानी में कूद गई हो या फिर उसके साथ कोई अनहोनी घटित हुई हो। हालांकि विवाहिता की हत्या कर शव नदी में फेंके जाने की आशंका बलवती है। दरियाबाद थाने के उपनिरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि अभी कुछ कहना मुश्किल है। पीएम रिपोर्ट से ही सच का पता चलेगा।

Sanvaad News

आपका स्वागत है संवाद पत्र में, जहाँ हम आपको ताज़ा खबरों और घटनाओं से अवगत कराते हैं। हमारी टीम हर समय तत्पर है ताकि आपको सबसे सटीक और नवीनतम समाचार मिल सकें। राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यवसाय, और तकनीक से संबंधित खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें। संवाद न्यूज़ - आपकी आवाज़, आपकी खबर।

Leave a Comment