हरियाणा चुनाव: मतदान से पहले BJP को बड़ा झटका, अशोक तंवर ने थामा कांग्रेस का ‘हाथ’

By Sanvaad News

Published on:

Follow Us

चंडीगढ़ , संवाद पत्र । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को झटका देते हुए उसके वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद अशोक तंवर हरियाणा में विधानसभा चुनाव से दो दिन पहले बृहस्पतिवार को महेंद्रगढ़ जिले में राहुल गांधी की रैली में कांग्रेस में शामिल हो गए। जैसे ही गांधी अपना भाषण समाप्त कर रहे थे, मंच से एक घोषणा की गई जिसमें दर्शकों से कुछ मिनट प्रतीक्षा करने को कहा गया। इसके तुरंत बाद तंवर मंच पर आए और घोषणा की गई कि ‘‘आज उनकी घर वापसी हो गई है।’’ 

तंवर इस वर्ष की शुरुआत में भाजपा में शामिल हुए थे। तंवर ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ मतभेदों के बाद 2019 में पार्टी छोड़ दी थी। पांच अक्टूबर को होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार शाम छह बजे समाप्त होने से कुछ घंटे पहले वह पार्टी में शामिल हुए। तंवर को एक समय राहुल गांधी का करीबी माना जाता था। 

दलित समुदाय के नेता तंवर की कांग्रेस में वापसी से पार्टी को मजबूती मिलने की संभावना है। कांग्रेस की हरियाणा इकाई के पूर्व अध्यक्ष तंवर ने गांधी से हाथ मिलाया और हुड्डा का अभिवादन किया, जिन्होंने उनका पार्टी में स्वागत किया और उनकी पीठ थपथपाई। मंच पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के सी वेणुगोपाल भी मौजूद थे। तंवर अप्रैल 2022 में आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हुए थे। आप में शामिल होने से पहले वह कुछ समय के लिए तृणमूल कांग्रेस में भी रहे थे।

Sanvaad News

आपका स्वागत है संवाद पत्र में, जहाँ हम आपको ताज़ा खबरों और घटनाओं से अवगत कराते हैं। हमारी टीम हर समय तत्पर है ताकि आपको सबसे सटीक और नवीनतम समाचार मिल सकें। राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यवसाय, और तकनीक से संबंधित खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें। संवाद न्यूज़ - आपकी आवाज़, आपकी खबर।

Leave a Comment