कानपुर, संवाद पत्र । ग्रीनपार्क स्टेडियम में 27 सितंबर से होने वाले दूसरे टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम के खिलाड़ी विराट कोहली और कोच गौतम गंभीर मंगलवार दोपहर शहर पहुंच गए। उधर, बांग्लादेश की टीम के खिलाड़ी शाम तकरीबन साढ़े तीन बजे चकेरी एयरपोर्ट पर चार्टर्ड प्लेन से उतरे। वहां से वाल्वो बस में बैठकर लैंडमार्क होटल के लिए रवाना हुए। वहीं टीम इंडिया के अन्य खिलाड़ियों के आने का सिलसिला जारी है। ब्रॉडकास्टिंग टीम कमेंटेटर व अंपायर्स के आने का भी सिलसिला शुरू हो गया है।
यूपीसीए के मीडिया मैनेजर मोहम्मद फहीम ने बताया कि रोहित शर्मा, शुभमन गिल, केएल राहुल और अभिषेक नायर मुंबई में इंडिगो फ्लाइट पकड़कर कानपुर आएंगे। इसके अलावा टीम इंडिया के कई अन्य खिलाड़ी बांग्लादेश टीम के साथ आ रहे हैं। बता दें, दोनों टीमों के बीच चल रही दो टेस्ट मैचों की सीरीज में टीम इंडिया 1-0 से आगे चल रही है। सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच 27 सितंबर से शहर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेला जाएगा।
केएल राहुल, कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल पहुंचे लैंडमार्क होटल













