बरेली :- जुलूस-ए-मोहम्मदी में डीजे लाए या गैर परंपरागत रास्ते से निकले तो खुद होंगे जिम्मेदार…

By Sanvaad News

Published on:

Follow Us

बरेली, संवाद पत्र । जुलूस-ए-मोहम्मदी में डीजे लाने वाली अंजुमनों को आयोजक कमेटी खुद्दाम-ए-रसूल की तरफ सख्त हिदायत दी गई है। कहा कि जुलूस में अगर कोई अंजुमन डीजे लाई तो वो खुद इसकी जिम्मेदार होगी। साथ ही कहा गया कि जुलूस को अपने परंपरागत रास्तों से ही निकालें। 

दरअसल बरेली शहर में ईद मिलादुन्नबी का जश्न 15 और 16 सितंबर को मनाया जायेगा। जिसको लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। घरों, बाजारों, गलियों को सजाया जा रहा है। वहीं जुलूस में शामिल होने वाली अंजुमने भी अपने-अपने स्तर से तैयारिया कर रही हैं। अंजुमन खुद्दाम-ए-रसूल के सचिव शान अहमद रजा और सदर सैयद आसिफ मियां ने जुलूस में शामिल होने वाली सभी अंजुमनों से अपील करते हुए कहा है कि अंजुमने अपने परंपरागत रास्तों से ही मुख्य जुलूस में शामिल हों। किसी भी हालत में नए रास्तों पर न जाए। कोई भी अंजुमन डीजे लाती है या नई परंपरा डालती है तो उसकी जिम्मेदार अंजुमन स्वयं होगी। प्रशासन द्वारा तयशुदा मार्ग से ही आएं। 

इन रास्तों से गुजरेगा जुलूस
दरगाह से जुड़े नासिर कुरैशी ने बताया कि जुलूस कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप से शुरू होकर पुल के नीचे से कुतुबखाना, जिला अस्पताल, कुमार सिनेमा, कोतवाली के रास्ते दरगाह पहलवान साहब पहुंचेगा। यहां से वापिस नॉवल्टी चौराहा से राजकीय इंटर कॉलेज, खलील तिराहे से जिला परिषद, बिहारीपुर ढाल के रास्ते देर रात दरगाह आला हजरत पर समाप्त होगा। वहीं दरगाह पर भी ईद मिलादुन्नबी का जश्न दरगाह प्रमुख सुब्हानी मियां के निवास पर सुबह 9 बजे से मनाया जायेगा। 

शहर में दो दिन जश्न का माहौल
शहर में लगातार दो दिन जश्न का माहौल होगा। ईद मिलादुन्नबी की पूर्व संध्या रविवार को पुराना शहर से अंजुमन इत्तेहाद-ए-मुस्लिमीन की तरफ से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। मुख्य जुलूस 16 सितंबर सोमवार को कोहाडापीर से अंजुमन खुद्दाम-ए-रसूल की तरफ से निकलेगा। कोहाड़ापीर से निकलने वाले जुलूस की कयादत दरगाह आला हजरत के प्रमुख सुब्हानी मियां करेंगे। शाम 4 बजे जुलूस दरगाह के सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां व अंजुमन खुद्दाम-ए-रसूल के सदर सैयद आसिफ मियां की निगरानी में शुरू होगा।

Sanvaad News

आपका स्वागत है संवाद पत्र में, जहाँ हम आपको ताज़ा खबरों और घटनाओं से अवगत कराते हैं। हमारी टीम हर समय तत्पर है ताकि आपको सबसे सटीक और नवीनतम समाचार मिल सकें। राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यवसाय, और तकनीक से संबंधित खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें। संवाद न्यूज़ - आपकी आवाज़, आपकी खबर।

Leave a Comment